बंगाली पर्यटकों की आवाजाही शुरू होने से रौनक

पहाड़ों में धीरे-धीरे ठंड की शुरूआत होने लगी है तो बंगाली पर्यटकों का आगमन भी होने लगा है। पर्यटन नगरी कौसानी में हर साल ठंड के दिनों में बड़ी संख्या में बंगाली सैलानी उमड़ते हैं। इस साल भी नवरात्र से पहले बंगाली पर्यटकों की आवाजाही शुरू होने से व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं।
अक्तूबर से जनवरी तक कौसानी आने वाले सैलानियों में बंगालियों की संख्या अधिक रहती है। बीते वर्षों में कोविड के चलते कौसानी में भी कम आवाजाही रही। बीते वर्ष से चहल-पहल होनी शुरू हो गई। इस बार व्यापारियों को उम्मीद है कि ठंड का सीजन पूरे चरम पर रहेगा और पर्यटन नगरी कोविड से पहले की तरह गुलजार रहेगी।
शुक्रवार को सैलानियों ने अनासक्ति आश्रम की सैर की। कौसानी बाजार, पंत वीथिका, चाय बागान का भ्रमण किया। मौसम साफ रहने से सैलानी हिमालय पर्वत की लंबी श्रृंखला का भी दीदार कर पा रहे हैं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बलवंत नेगी, होटल कारोबारी पूरन सिंह आदि ने उम्मीद जताई कि इस साल पूरे सीजन में कौसानी में पर्यटकों से रौनक रहेगी।