चालक ने नशे में दौड़ा दी बदहाल सड़क पर यात्रियों से भरी केमू बस

चालकों के नशे में वाहन दौड़ाने की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रहा है। देघाट क्षेत्र में चालक ने नशे में बदहाल सड़क पर यात्रियों से भरी केमू बस दौड़ा दी। इस घटना में उनकी जान आफत में फंस गई और वे 90 किमी दूर तक सीट पर दुबकते हुए खतरे के बीच सफर करते रहे। पुलिस ने जब चालक की जांच की तो वह नशे में चूर मिला। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस को सीज कर यात्रियों को अन्य वाहनों से गंतव्य को रवाना किया।
भिकियासैंण अल्मोड़ा निवासी चालक सुरेश चंद्र रविवार सुबह 11 यात्रियों के साथ नशे में चूर होकर केमू बस को लेकर देघाट के लिए रवाना हुआ। संकरी सड़क पर तेज रफ्तार बस दौड़ने से यात्रियों के पसीने छूट पड़े और वे अपनी सीट पर दुबके रहे। स्याल्दे के तारानगर पहुंचने पर पुलिस की चेकिंग टीम ने तेज रफ्तार दौड़ रही केमू बस को रोका। चालक की जांच की तो वह नशे में मिला। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। बस रुकते ही यात्री बाहर की तरफ दौड़ पड़े। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस को सीज किया। यात्रियों को अन्य वाहन से गंतव्य को भेजा गया। तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने कहा कि नशे में वाहन का संचालन करने वाले चालकों को नहीं छोड़ा जाएगा। यह यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ है।